झारखंड चैंबर चुनाव 13 सितंबर को, 4,214 मतदाता करेंगे मतदान

Spread the News

रांची में 3,626 वोटर, अपर बाजार में करीब 1,200 और मेन रोड में 1,000 से अधिक मतदाता

रांची, 07 सितंबर: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 का चुनाव 13 सितंबर को होगा। मतदान हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। चुनाव में कुल 4,214 मतदाता 21 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति और छह प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के चयन के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

चुनाव को लेकर राजधानी रांची में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कुल मतदाताओं में करीब 3,626 मतदाता रांची क्षेत्र से हैं। इनमें व्यापारिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र अपर बाजार में करीब 1,200 मतदाता हैं, जबकि मेन रोड क्षेत्र में 1,000 से अधिक मतदाता बताए जा रहे हैं। वहीं कांके क्षेत्र में करीब 388 मतदाता चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। बड़ी संख्या में मतदाताओं के रांची में होने के कारण चुनावी मुकाबले में राजधानी क्षेत्र के वोटरों को निर्णायक माना जा रहा है।

चुनाव में इस बार तीन टीमें मैदान में हैं। चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही तीनों टीमों ने अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। प्रत्याशी बैठकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और बाजारों में पहुंचकर व्यवसायियों से संपर्क कर रहे हैं। व्यापारियों की समस्याओं, उनके समाधान और भविष्य की योजनाओं को लेकर समर्थन मांगा जा रहा है। अलग-अलग बाजारों में टीमों की बैठकें और जनसंपर्क अभियान लगातार चल रहे हैं।

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर भी साफ हो गई है। कार्यकारिणी समिति के चुनाव में 65 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि कुल तीन टीमें चुनावी मैदान में हैं। दो प्रत्याशी निर्दलीय भी चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में कार्यकारिणी के 21 पदों के लिए मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

मतदान को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए 40 कंप्यूटर लगाए जाएंगे। मतदाताओं को उनका क्रमांक और काउंटर की जानकारी एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी। मतदान के दौरान कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रत्याशियों के नाम के साथ उनकी तस्वीर भी प्रदर्शित होगी। सॉफ्टवेयर में ऐसी व्यवस्था रहेगी कि मतदाता 21 से कम या अधिक प्रत्याशियों का चयन नहीं कर सकेगा।

चुनाव में वही सदस्य मतदान कर सकेंगे, जिनका वित्तीय वर्ष 2026-27 का सदस्यता शुल्क बकाया नहीं है। सदस्यों की सुविधा के लिए मतदान स्थल पर शुल्क भुगतान हेतु हेल्प डेस्क भी बनाया जाएगा। चुनाव समिति ने निष्पक्ष, पारदर्शी और सौहार्दपूर्ण माहौल में चुनाव कराने की तैयारी की है।

इससे पहले 12 सितंबर को एफजेसीसीआई की 62वीं वार्षिक आमसभा आयोजित होगी। इसके अगले दिन 13 सितंबर को चुनाव कराया जाएगा।