रामगढ़, 10 अगस्त: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज ने छत्तरमांडू स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष, साहस और विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, कला, भाषा और विरासत को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। आदिवासी समुदाय ने देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जिला प्रशासन की ओर से आदिवासी समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
उपायुक्त ने जिलेवासियों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज एवं जिले के समग्र विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
मौके पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने भी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।