रांची में कल बजेगी 135वें डूरंड कप की बिगुल, पहली बार मेजबानी करेगा झारखंड

Spread the News

रांची, 25 जुलाई: एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें इंडियनऑयल डूरंड कप-2026 का रांची चरण रविवार से शुरू होगा। झारखंड की राजधानी रांची पहली बार इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट की मेजबानी कर रही है। सभी मुकाबले मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले जाएंगे, जहां दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

रांची में कुल सात मुकाबले आयोजित होंगे, जिनमें छह लीग मैच और एक क्वार्टर फाइनल शामिल है। राज्य सरकार, भारतीय सेना, डूरंड फुटबॉल टूर्नामेंट सोसाइटी और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ ने आयोजन की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा, यातायात और दर्शकों की सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

टूर्नामेंट के आयोजन से पहले ट्रॉफी टूर ने भी रांची में फुटबॉल प्रेमियों के बीच उत्साह का माहौल बनाया। बिरसा मुंडा स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। मुफ्त टिकट वितरण के दौरान भी लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला था।

डूरंड कप 25 जुलाई से शुरू होकर 23 अगस्त तक चलेगा। इस बार प्रतियोगिता में 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं और मुकाबले कोलकाता, रांची, गुवाहाटी, शिलांग और इंफाल सहित पांच शहरों में खेले जाएंगे। रांची को पहली बार मेजबानी मिलने से झारखंड के फुटबॉल खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह है।