20 से 23 जुलाई तक रांची दौरे पर रहेंगे झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, संगठनात्मक बैठकों पर रहेगा जोर

Spread the News

रांची, 20 जुलाई: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के झारखंड प्रभारी एवं कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य के. राजू 20 से 23 जुलाई तक चार दिवसीय झारखंड दौरे पर रहेंगे। उनके इस दौरे का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा करना तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करना है।

दौरे के दौरान के. राजू रांची में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, प्रभारियों, मोर्चा एवं विभागों के प्रतिनिधियों, विधायक दल के सदस्यों तथा वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, बैठकों में राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, गठबंधन समन्वय तथा आगामी चुनावी तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी। के. राजू कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का संदेश देंगे।

प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित बैठकों में समय पर उपस्थित रहने का आग्रह किया है। पार्टी का मानना है कि इस दौरे से संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार किया जाएगा।