रामगढ़, 18 जुलाई: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर में भव्य खेल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों से संबंधित आकर्षक मॉडल, प्रोजेक्ट, खेल उपकरणों की जानकारी तथा देश-विदेश के महान खिलाड़ियों के चित्र एवं उनकी उपलब्धियों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह, सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि “खेल प्रदर्शनी विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है। खेल शिक्षा का अभिन्न हिस्सा हैं, जो युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने कहा कि राधा गोविन्द विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं व्यक्तित्व विकास को भी समान महत्व देता है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ऐसे युवाओं का निर्माण करना है, जो शिक्षा, खेल और नैतिक मूल्यों के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता को ही नहीं बढ़ाते, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल ने कहा कि खेल प्रदर्शनी जैसे आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने शारीरिक शिक्षा विभाग की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने पर बल दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन शारीरिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के नेतृत्व में किया गया। अंत में सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई खेल प्रदर्शनियों एवं मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना करते हुए शारीरिक शिक्षा विभाग को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं।