रामगढ़ में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 जनजागरूकता अभियान शुरू, दो जागरूकता वाहनों को किया गया रवाना

Spread the News

रामगढ़, 01 जुलाई: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत मंगलवार को रामगढ़ में व्यापक जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने समाहरणालय परिसर से दो मतदाता जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाना तथा मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक सहयोग देने की अपील की।

जागरूकता वाहनों के माध्यम से जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, ईसीआईनेट (ECINET) मोबाइल ऐप एवं पोर्टल के उपयोग, मतदाता हेल्पलाइन 1950 तथा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करना और उन्हें समय पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए जागरूक करना है।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के माध्यम से प्रत्येक पात्र नागरिक तक निर्वाचन संबंधी जानकारी पहुंचाई जाएगी, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम में जिला प्रशासन एवं निर्वाचन शाखा के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।