झारखंड के सभी थानों में हाईटेक निगरानी की शुरुआत, थानों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

Spread the News

जगरनाथपुर थाना से CCTV इंस्टॉलेशन की टेस्टिंग शुरू, पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बढ़ाया कदम

रांची, 28 मई: राज्य के सभी थानों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र को आधुनिक बनाने की दिशा में पुलिस मुख्यालय ने बड़ा कदम उठाया है। इसी कड़ी में मंगलवार को रांची के जगरनाथपुर थाना में सीसीटीवी कैमरा इंस्टॉलेशन की टेस्टिंग प्रक्रिया शुरू की गई। इस पहल का उद्देश्य थानों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और निगरानी को मजबूत करना है।

टेस्टिंग के दौरान आईजी प्रोविजन मयूर पटेल, रांची एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा सहित जैप आईटी के कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कैमरों की गुणवत्ता, रिकॉर्डिंग सिस्टम, कंट्रोल मॉनिटरिंग और नेटवर्क कनेक्टिविटी का जायजा लिया। बताया गया कि टेस्टिंग सफल रहने के बाद चरणबद्ध तरीके से राज्य के अन्य थानों में भी आधुनिक सीसीटीवी सिस्टम लगाया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नए सिस्टम के जरिए थाना परिसर के हर गतिविधि क्षेत्र की निगरानी की जा सकेगी। इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और किसी भी घटना की जांच में डिजिटल साक्ष्य आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे। साथ ही थानों में आने वाले फरियादियों और आम लोगों की सुरक्षा व पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।

पुलिस मुख्यालय की योजना के तहत सीसीटीवी कैमरों को केंद्रीय मॉनिटरिंग सिस्टम से जोड़ने की भी तैयारी की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर उच्च अधिकारी सीधे निगरानी कर सकें। अधिकारियों का कहना है कि तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए यह पहल काफी अहम साबित होगी।