रामगढ़, 21 अप्रैल: जिला उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज सिंह ने सोमवार को जिला समाहरणालय परिसर में स्थित विभिन्न कार्यालयों का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, कर्मियों की उपस्थिति, अभिलेख संधारण, साफ-सफाई और आमजनों को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया।
उपायुक्त ने गोपनीय शाखा, नजारत, एनआईसी, विधि शाखा, स्थापना शाखा, सामान्य शाखा, कोषागार, जन शिकायत कोषांग, अपर समाहर्ता कार्यालय, जिला भू-अर्जन कार्यालय, आपूर्ति कार्यालय, अवर निबंधन कार्यालय, जिला कल्याण कार्यालय, जिला पंचायती राज कार्यालय और जिला समाज कल्याण कार्यालय समेत अन्य कई विभागों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ऋतुराज सिंह ने सभी कार्यालयों में पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का सख्ती से अवलोकन किया और समय की पाबंदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को मामलों का शीघ्र निपटारा करने और अनावश्यक विलंब से बचने का सख्त निर्देश दिया।
उपायुक्त ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष बल देते हुए कहा कि सभी कार्यालयों में फाइलों का उचित संधारण और अद्यतन अभिलेखीकरण किया जाए, ताकि आमजन तथा वरिष्ठ अधिकारियों को किसी भी जानकारी की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
जन शिकायत कोषांग के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्राप्त शिकायतों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की और निर्देश दिया कि आमजनों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निष्पादन किया जाए। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा उपायुक्त ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, अनावश्यक भीड़-भाड़ से बचने और सुगम कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आमजनों के साथ विनम्र और सहयोगपूर्ण व्यवहार करने तथा पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, नजारत उप समाहर्ता संजीत कुमार, संबंधित विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।