रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 23 दिसंबर 2025: उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही ताजा बर्फबारी और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण झारखंड में कड़ाके की ठंड का कहर बढ़ गया है। भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में घने कोहरे और शीतलहर के लिए अलर्ट जारी किया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
भारतीय मौसम विभाग की ताजा बुलेटिन के अनुसार, गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, रामगढ़ और बोकारो इन 9 जिलों में घने कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो सकती है, जिससे सड़क यातायात और रेल सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। इसके अलावा कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट है और यह स्थिति 23-24 दिसंबर तक बनी रह सकती है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जारी बर्फबारी से ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर बह रही हैं, जो झारखंड तक पहुंचकर न्यूनतम तापमान को 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे ला रही हैं। रांची में न्यूनतम तापमान 6-8 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है, जबकि कुछ जगहों पर यह 3-7 डिग्री तक गिर गया है।
कड़ाके की ठंड का सीधा प्रभाव दिखने लगा है:-
• घने कोहरे से सुबह-शाम यातायात बाधित, कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
• शीतलहर के कारण बुजुर्गों और बच्चों में सर्दी-जुकाम की शिकायतें बढ़ी हैं।
• किसान फसलों को नुकसान से चिंतित, खासकर सब्जियों और दलहनों को।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राहत की उम्मीद कम है और ठंड और बढ़ सकती है। नागरिकों से अपील है कि गर्म कपड़े पहनें, बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और जरूरत पड़ने पर अलाव का सहारा लें।