रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 16 दिसंबर 2025: झारखंड के चर्चित शराब घोटाले और आय से अधिक संपत्ति मामले में निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। एंटी करप्शन ब्यूरो ने चौबे की पत्नी स्वप्ना संचिता को आय से अधिक संपत्ति केस में पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। उन्हें आज एंटी करप्शन ब्यूरो कार्यालय में पेश होने को कहा गया है।
यह नोटिस 15 दिसंबर को जारी हुआ। इससे पहले एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम दिसंबर की शुरुआत में दो बार उनके रांची स्थित घर पर पहुंचकर पूछताछ कर चुकी है। जांच में पता चला कि स्वप्ना संचिता पहले चौबे के करीबी विनय सिंह की कंपनी में काम करती थीं, जहां से उन्हें सैलरी मिलती थी।
एंटी करप्शन ब्यूरो ने 24 नवंबर को अधिक संपत्ति मामले में नई FIR दर्ज की थी, जिसमें चौबे के साथ उनकी पत्नी, ससुर एसएन त्रिवेदी, साला क्षिपिज त्रिवेदी, साली प्रियंका त्रिवेदी और विनय सिंह दंपती को आरोपी बनाया गया। जांच से सामने आया कि चौबे की ज्ञात आय से 50% अधिक संपत्ति और बैंक ट्रांजेक्शन हैं, जो अवैध कमाई से जुड़े बताए जा रहे हैं।
शराब घोटाले में चौबे पर 2022 की एक्साइज पॉलिसी में अनियमितता के आरोप हैं। मई 2025 में गिरफ्तार हुए चौबे शराब केस में जमानत पर हैं, लेकिन हजारीबाग भूमि घोटाले में जेल में बंद हैं। ED ने भी PMLA के तहत जांच शुरू की है। जांच जारी है और नए खुलासे संभव हैं।