रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची/इटानगर 25 नवंबर 2025: 42वीं सब-जूनियर नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप में झारखंड की होनहार खिलाड़ी सुरभि पाल ने रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। रांची जिले के सिल्ली प्रखंड अंतर्गत मूरी निवासी अमर पाल की पुत्री सुरभि बिरसा मुंडा तीरंदाजी अकादमी की प्रशिक्षु एवं सिल्ली स्पोर्ट्स एकेडमी की सदस्य हैं।
22 से 30 नवंबर तक अरुणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड की ओर से सुरभि पाल, मनीषा कुमारी और अश्विन साहू ने हिस्सा लिया। सुरभि ने क्वालीफिकेशन राउंड से लेकर सेमीफाइनल तक लगातार बेहतरीन स्कोर बनाए और फाइनल में प्रवेश किया, जहाँ उन्होंने रजत पदक हासिल कर राज्य को गौरवान्वित किया।
सुरभि की इस उपलब्धि पर बिरसा मुंडा तीरंदाजी अकादमी की अध्यक्ष नेहा महतो, मुख्य संरक्षक सुदेश कुमार महतो, सभी कोच और साथी खिलाड़ियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है। उल्लेखनीय है कि सुरभि इस वर्ष झारखंड की सब-जूनियर, जूनियर तथा सीनियर तीनों नेशनल टीमों में चयनित एकमात्र खिलाड़ी हैं।
हाल ही में जमशेदपुर में हुई राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में भी सुरभि ने चार स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया था। सब-जूनियर वर्ग की होने के बावजूद जूनियर और सीनियर वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
सुरभि की सफलता से झारखंड में तीरंदाजी के भविष्य को नई उड़ान मिली है। अकादमी और राज्य खेल विभाग को उम्मीद है कि सुरभि आने वाले समय में देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक दिलाएंगी।