रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
नई दिल्ली, 10 नवंबर। राजधानी के दिल लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के बाहर पार्किंग में सोमवार शाम 6:55 बजे एक इको वैन में जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और आग की लपटों ने आसपास खड़ी तीन-चार गाड़ियों को चपेट में ले लिया। धमाके की गूंज चांदनी चौक तक सुनाई दी, जिससे भीड़भाड़ वाले इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दिल्ली दमकल सेवा को 7:05 बजे सूचना मिली। पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में 9 शव बरामद हुए हैं, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि दुकानों के शीशे चटक गए और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
दिल्ली पुलिस, स्पेशल सेल, NIA, फॉरेंसिक टीम और बम डिस्पोजल स्क्वॉड मौके पर तैनात हैं। इलाका सील कर CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमाका वाहन में रखे विस्फोटक पदार्थ से हुआ लगता है। आज ही फरीदाबाद से 2900 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामदगी के बाद आतंकी साजिश की आशंका गहरा गई है।
केंद्र और दिल्ली सरकार ने हाई अलर्ट जारी किया है। गृह मंत्रालय ने NIA को जांच सौंपने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की। घटना ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।