मत्स्य पालन को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक, ग्रामीणों को जोड़ने पर दिया जोर

Spread the News

रामगढ़: रामगढ़ जिला में मत्स्य पालन गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से शुक्रवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जिला समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय में संपन्न हुई, जिसमें जिला मत्स्य पदाधिकारी अरूप कुमार चौधरी ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत केज कल्चर विस्तार, फीड बेस्ड फिशरीज, तालाब व जलाशयों का विकास, मत्स्य प्रसार एवं प्रशिक्षण, मत्स्य विपणन जैसी योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उपायुक्त ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मत्स्य पालन को स्वरोजगार के मजबूत विकल्प के रूप में विकसित करने की बात कही।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण इलाकों में अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं एवं महिलाओं को मत्स्य पालन से जोड़ने की दिशा में काम करने को कहा ताकि जिले में रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।

उपायुक्त ने यह भी कहा कि चिन्हित जल स्रोतों का समुचित उपयोग करते हुए मत्स्य पालन की संभावनाओं को विस्तार दिया जाए। उन्होंने जिला मत्स्य पदाधिकारी को निर्देशित किया कि गांवों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए और उन्हें इसका लाभ दिलाया जाए।