रामगढ़ जिला कराटे चैंपियनशिप 2025 में राधा-गोविंद स्कूल के विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम

Spread the News

रामगढ़ जिला जूडो कराटे संघ के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय कराटे चैंपियनशिप का समापन रविवार को राधा-गोविंद विश्वविद्यालय के सभागार में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में राजीव जायसवाल, समाजसेवी सुशांत पांडे, विश्वविद्यालय के वित्त लेखाधिकारी डॉ. संजय कुमार, ट्रस्टी अजय कुमार एवं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुजीत कुमार मोहंती सम्मिलित हुए।

प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया, जिसमें राधा-गोविंद पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का मान बढ़ाया। कक्षा 6 के अभिरूप कुमार ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, कक्षा 6 के स्वप्निल, कक्षा 4 के आदित्य आदर्श तथा दीपशिखा ने रजत पदक हासिल किए। कक्षा 3 के मनन मरांडी और अविरल ने कांस्य पदक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

इन विद्यार्थियों की सफलता में शारीरिक शिक्षिका पूर्णिमा कुमारी और प्रशिक्षक सोनू ठाकुर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विजेताओं को सम्मानित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि रामगढ़ की धरती में कराटे की अपार संभावनाएं हैं और उचित मार्गदर्शन एवं संसाधन मिलने पर ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

विद्यालय के चेयरमैन बी.एन. साह और सचिव प्रियंका कुमारी ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी एवं रांची में आगामी सप्ताह आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।