रामगढ़, 25 अक्टूबर: जिले में अवैध खनन, बालू परिवहन और शराब निर्माण पर पूर्ण रोक लगाने हेतु उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में प्रशासन ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला खनन पदाधिकारी श्री निशांत अभिषेक ने पीपीटी के माध्यम से अवैध खनन के विरुद्ध अब तक की कार्रवाइयों की विस्तृत जानकारी दी। चितरपुर प्रखंड के भुचुंगडीह क्षेत्र में अवैध मुहानों में लगी आग की स्थिति पर उपायुक्त ने पुलिस और खनन अधिकारियों से गहन चर्चा की। उपायुक्त ने कहा, “किसी भी अवैध मुहाने से खनन की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई कर उसे डोजर से पूरी तरह बंद कराएं।” सभी खनन परियोजनाओं के महाप्रबंधकों व सिक्योरिटी ऑफीसर्स को 24×7 निगरानी रखने का आदेश दिया गया।
अवैध शराब निर्माण पर भी सख्ती बरती गई। उपायुक्त ने पूरे जिले में छापेमारी अभियान चलाकर अवैध ठिकानों को ध्वस्त करने और संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अवैध बालू परिवहन रोकने हेतु पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को नाकाबंदी बढ़ाने और वाहनों की जब्ती तेज करने को कहा।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, परियोजना प्रबंधक, अंचल अधिकारी व थाना प्रभारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी से पूर्ण समन्वय और त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया।