रामगढ़, 11 अक्टूबर 2025: रामगढ़ के टाउन हॉल में शनिवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सीपीआर एवं फर्स्ट एड प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष, उप विकास आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला परिषद उपाध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि हजारीबाग, विधायक प्रतिनिधि सहित अन्य अतिथियों का पौधा देकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में ट्रांसजेंडर समूह, आंगनबाड़ी सेविकाएं, अधिवक्ता, जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में अन्य लोग शामिल हुए। उपायुक्त ने आपातकालीन परिस्थितियों में सीपीआर और प्राथमिक उपचार की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा, “यह प्रशिक्षण आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने और जागरूक, सशक्त व संवेदनशील नागरिकों के निर्माण में महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षित लोग संकटकाल में प्रभावी ढंग से जीवन बचा सकते हैं।”
प्रशिक्षण के दौरान चिकित्सकों और ऑडियो-विजुअल सामग्री के माध्यम से चोकिंग, ब्लीडिंग, बर्न, फ्रैक्चर, वज्रपात, डूबने, शॉक, सांप के काटने और दुर्घटना जैसी आपात स्थितियों में प्राथमिक उपचार की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को प्रैक्टिकल प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
उप विकास आयुक्त आशिष अग्रवाल ने उपायुक्त की इस पहल की सराहना करते हुए सभी से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और किसी भी दुविधा को तुरंत स्पष्ट करने की अपील की।
ट्रांसजेंडर समूह सहित सभी प्रतिभागियों ने उपायुक्त के इस प्रयास की प्रशंसा की और उन्हें धन्यवाद दिया। यह कार्यक्रम समाज में आपदा प्रबंधन और प्राथमिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।