राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 सितंबर को गयाजी में करेंगी पितरों का पिंडदान, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद

Spread the News

गया, 19 सितंबर 2025: देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 सितंबर को बिहार के पवित्र नगरी गयाजी में विष्णुपद मंदिर में अपने पितरों का पिंडदान और श्राद्धकर्म करेंगी। इस दौरान चल रहे पितृपक्ष मेले के कारण गयाजी में देश-दुनिया से लाखों तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं, जो 6 सितंबर से 21 सितंबर तक आयोजित हो रहा है।

राष्ट्रपति के आगमन और प्रस्थान के लिए विशेष मार्ग तय किया गया है। वे एयरपोर्ट से घुघड़ीटॉड़ बाईपास, नारायणी पुल, और बंगाली आश्रम होते हुए विष्णुपद मंदिर पहुंचेंगी, और वापसी के लिए भी यही मार्ग प्रयोग होगा। गया जिले के डीएम शंशाक शुभांकर ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है।

विष्णुपद मंदिर के आसपास कार्यक्रम के दौरान कई मार्गों पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इसके लिए बोधगया और अन्य मुख्य मार्गों पर वैकल्पिक रास्ते बनाए गए हैं। साथ ही, यातायात और सुरक्षा नियंत्रण के लिए मंदिर के आसपास ड्राप गेट भी स्थापित किए गए हैं।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और सुरक्षा व्यवस्था में पूर्ण सहयोग प्रदान करें। पितृपक्ष मेले और राष्ट्रपति के दौरे के कारण गयाजी में इस दिन विशेष सतर्कता और व्यवस्था देखने को मिलेगी।