झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पर बाबूलाल मरांडी का तीखा हमला, स्वास्थ्य मंत्री को बताया ‘निकम्मा’

Spread the News

रांची, 29 जुलाई 2025: झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली को लेकर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर तीखा हमला बोला है। मरांडी ने कहा कि मंत्री के बड़बोले रवैये और लापरवाही के कारण स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की कोई गुंजाइश नहीं बची है। उन्होंने साहिबगंज की एक घटना का हवाला दिया, जहां एक बीमार किशोरी को खाट पर अस्पताल ले जाना पड़ा और मृत्यु के बाद शव के लिए एम्बुलेंस तक उपलब्ध नहीं हो सका।

मरांडी ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री ने एम्बुलेंस संचालन की जिम्मेदारी अपने करीबी को सौंप दी है और सरकारी अस्पतालों में उनके अबोध बेटे का भी दखल चल रहा है। उन्होंने कहा, “ऐसे निकम्मे मंत्री सरकार और जनता दोनों पर बोझ हैं।”

इसके साथ ही, मरांडी ने सरकार के अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा के नाम पर करने के फैसले की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने इसे राजनीतिक हित साधने का प्रयास करार देते हुए कहा कि सरकार बुनियादी समस्याओं जैसे एम्बुलेंस की कमी और खराब स्वास्थ्य सेवाओं को नजरअंदाज कर केवल नाम बदलने में व्यस्त है।

मरांडी ने चेतावनी दी कि यदि स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो जनता इसका जवाब देगी। इस मुद्दे पर स्वास्थ्य मंत्री की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।