निकोसिया/नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस द्वारा उसके सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडोलाइड्स ने प्रदान किया।
सम्मान स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इसे भारत के 140 करोड़ नागरिकों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार न केवल उनके लिए, बल्कि भारतवासियों की सामूहिक शक्ति, आकांक्षाओं और “वसुधैव कुटुंबकम” जैसे सांस्कृतिक मूल्यों का गौरव है।
मोदी ने कहा, “मैं साइप्रस सरकार और वहां की जनता का हृदय से धन्यवाद करता हूं। यह सम्मान भारत-साइप्रस के घनिष्ठ संबंधों, साझा मूल्यों और सहयोग की भावना को समर्पित है। मैं इसे बड़ी नम्रता और आभार के साथ स्वीकार करता हूं।”
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि यह सम्मान दोनों देशों के बीच शांति, सुरक्षा और समृद्धि के लिए साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भारत और साइप्रस की साझेदारी आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को छुएगी और वैश्विक शांति व स्थिरता में योगदान देगी।
इस ऐतिहासिक सम्मान को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “साइप्रस द्वारा ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’ से सम्मानित किया जाना मेरे लिए गर्व की बात है। मैं इस सम्मान को भारत और साइप्रस के बीच मित्रता को समर्पित करता हूं।”
गौरतलब है कि वर्ष 2014 से अब तक प्रधानमंत्री मोदी को 20 से अधिक देशों ने अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा है। इनमें हाल ही में श्रीलंका द्वारा प्रदान किया गया ‘मित्र विभूषण’ सम्मान भी शामिल है। इसके अलावा उन्हें संयुक्त राष्ट्र द्वारा दिया गया सर्वोच्च पर्यावरण पुरस्कार भी प्राप्त हो चुका है।