भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और 2024 लोकसभा चुनाव में राजमहल सीट से भाजपा प्रत्याशी रहे संथाल क्षेत्र के कद्दावर नेता ताला मरांडी अब झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में शामिल हो गए हैं। इस राजनीतिक घटनाक्रम ने इंडिया ब्लॉक के घटक दलों, खासकर कांग्रेस और झामुमो के नेताओं में नया उत्साह भर दिया है।
कांग्रेस और झामुमो का दावा – भाजपा के कई नेता हमारे संपर्क में
कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा और झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने संयुक्त रूप से दावा किया कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों के कई नेता झामुमो और कांग्रेस नेतृत्व के संपर्क में हैं और जल्द ही पार्टी में शामिल होंगे।
राकेश सिन्हा ने कहा, “भाजपा की हालत झारखंड में बहुत खराब है। जो पार्टी खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बताती है, वह आज सिर्फ ट्विटर और सोशल मीडिया तक सिमट गई है। यहां तक कि वह अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन में भी प्रभावी भूमिका नहीं निभा पा रही है।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि आने वाले दिनों में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं।
झामुमो में बढ़ रही मजबूती
झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने कहा, “ताला मरांडी जैसे वरिष्ठ नेता का पार्टी में आना एक शुभ संकेत है। इससे पहले भी कई दलों के दूसरे पंक्ति के नेता झामुमो में शामिल हो चुके हैं और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। शनिवार को भी कई नामी चेहरे पार्टी में शामिल हो सकते हैं। इससे झामुमो और अधिक मजबूत हुआ है।”
भाजपा ने जताई निराशा, पर कहा – नेता आते-जाते रहते हैं
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने कहा, “किसी भी नेता को जबरन पार्टी में नहीं रोका जा सकता। जो नेता विचारधारा और सेवा की भावना के साथ राजनीति करते हैं, वे पार्टी में बने रहते हैं। निजी स्वार्थ रखने वाले लोग हमेशा नए ठिकाने और संभावनाएं तलाशते रहते हैं। नेता आते-जाते रहते हैं।”
ताला मरांडी के पार्टी छोड़ने को लेकर भाजपा की तरफ से कोई विशेष आपत्ति नहीं जताई गई, लेकिन इस घटनाक्रम को लेकर भाजपा की आंतरिक स्थिति पर सवाल जरूर खड़े हो रहे हैं।
ताला मरांडी का झामुमो में शामिल होना झारखंड की राजनीति में एक बड़ा संदेश देता है। यह न सिर्फ भाजपा के लिए झटका है, बल्कि विपक्षी दलों के लिए ऊर्जा का नया स्रोत भी बन सकता है। आगामी दिनों में झारखंड की राजनीति में और भी हलचलें देखने को मिल सकती हैं।