पटना, बिहार विधान परिषद में मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। सदन में हुई इस बहस के बाद राबड़ी देवी ने सीएम नीतीश पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “नीतीश कुमार भंगेड़ी हैं। वह भांग पीकर विधानसभा आते हैं और महिलाओं का अपमान करते हैं।”
सदन में बढ़ा तनाव, विपक्ष का वाकआउट
विधान परिषद में राबड़ी देवी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “बिहार में कोई काम नहीं हुआ है।” इस पर सीएम नीतीश कुमार ने नाराजगी जताई और राजद सरकार पर हमला बोलना शुरू कर दिया। उनके बयान से आक्रोशित होकर राजद के सदस्य सदन से वॉकआउट कर गए।
राबड़ी देवी का आरोप – “सीएम महिलाओं का अपमान करते हैं”
सदन से बाहर आकर राबड़ी देवी ने मीडिया से कहा, “नीतीश कुमार कुछ भी बोलते रहते हैं। उन्होंने सदन में मुझे अपमानित किया। वह महिलाओं का सम्मान नहीं करते। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले कोई कपड़ा पहनता था? यह सिर्फ मेरा नहीं, पूरे बिहार की महिलाओं का अपमान है।”
राबड़ी देवी ने आगे कहा, “क्या 2005 से पहले कोई विकास कार्य नहीं हुआ था? फाइलें देखिए, जनता सब जानती है। हमने महिलाओं, पिछड़ों, अति पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के लिए कई काम किए हैं। क्या नीतीश कुमार 2005 से पहले बिहार में नहीं थे? बाजार, हाट नहीं था तो व्यापार कैसे होता था?”
“नीतीश कुमार को उनके ही लोग बेइज्जत कराते हैं”
राबड़ी देवी ने दावा किया कि “नीतीश कुमार दो बार सदन में मुझे अपमानित कर चुके हैं। उनके पीछे 5-6 लोग हैं जो उन्हें सिखाते हैं, और वही बातें वह बोलते हैं। सीएम भाजपा की गोद में बैठे हैं और उनके लोग ही उनके कान भरते रहते हैं। उनकी अपनी पार्टी के 3-4 लोग भी उन्हें बेइज्जत कराते हैं।”
राबड़ी देवी के इन बयानों के बाद बिहार की राजनीति में हलचल मच गई है। विपक्ष ने इसे महिलाओं के सम्मान से जुड़ा मामला बताया है, जबकि सत्तारूढ़ दल ने इसे राजनीतिक स्टंट करार दिया है।