दो दशक पुरानी गुटबाजी खत्म करने की पहल, इंटक के दुबे और तिवारी गुट का विलय

Spread the News

नई दिल्ली, 29 नवंबर: राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के संगठनात्मक एकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इंटक के चंद्रशेखर दुबे गुट और के.के. तिवारी गुट का औपचारिक रूप से विलय हो गया है। शनिवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित इंटक राष्ट्रीय विलय सम्मेलन 2026 (34वें महाधिवेशन) में दोनों गुटों के एकीकरण पर औपचारिक मुहर लगाई गई।

इस सम्मेलन में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री के. एन. त्रिपाठी को संयुक्त इंटक का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किया गया। वहीं अभय कुमार दुबे को राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा के.के. तिवारी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सम्मेलन में लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक काजी मोहम्मद निजामुद्दीन भी उपस्थित रहे। देशभर से इंटक से संबद्ध विभिन्न यूनियनों और फेडरेशनों के प्रतिनिधियों ने इसमें भाग लिया।

सम्मेलन में करीब दो दशक से चले आ रहे संगठनात्मक विवाद और गुटबाजी को समाप्त कर मजदूरों की आवाज को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि संगठन के विभाजन से श्रमिक आंदोलन कमजोर हुआ है। ऐसे समय में जब मजदूरों के अधिकारों और हितों से जुड़े सवाल महत्वपूर्ण हैं, इंटक की एकजुटता जरूरी है।

सम्मेलन में श्रम कानूनों, मजदूरों के अधिकारों, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई तथा कई प्रस्ताव पारित किए गए। नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष के. एन. त्रिपाठी ने कहा कि उनका लक्ष्य खदानों, कारखानों, रेलवे, बैंकों और असंगठित क्षेत्र के प्रत्येक मजदूर को इंटक के एक झंडे के नीचे लाना तथा उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करना है। उन्होंने संगठन के एकीकरण में सहयोग के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रति आभार जताया।

हालांकि, इंटक की एकजुटता की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। संगठन के रेड्डी गुट और धीरज प्रसाद साहू खेमे के इस विलय में शामिल नहीं होने की खबरें हैं। ऐसे में इसे इंटक के दो प्रमुख गुटों का विलय माना जा रहा है, न कि सभी गुटों का पूर्ण एकीकरण।