रांची, 28 नवंबर: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 एवं राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर राजधानी रांची के खेलगांव में भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 28 नवंबर को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय मुख्य समारोह को लेकर खेलगांव परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। समारोह में राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकास की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक देखने को मिलेगी।
इस अवसर पर 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विभिन्न सरकारी विभागों के साथ राज्य के सभी जिलों के विशेष स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से जिलों के प्रमुख उत्पादों, पर्यटन स्थलों, स्थानीय विशेषताओं और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जा रहा है। साथ ही सरकारी योजनाओं और जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी भी लोगों को दी जा रही है।
स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर खेलकूद, नृत्य-संगीत, नाटक एवं निबंध लेखन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को 26 और 27 नवंबर को खेलगांव में राज्यस्तरीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। विजेताओं को मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
मुख्य समारोह के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा पात्र लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण होगा तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, बिजली, चिकित्सा और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है। इस आयोजन के माध्यम से झारखंड की पहचान, संस्कृति, प्रतिभा और विकास की संभावनाओं को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने की तैयारी है।