रामगढ़, 17 नवंबर: ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और पशुपालन के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन की ओर से पहल की जा रही है। इसी कड़ी में उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला गव्य विकास कार्यालय परिसर में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत छह चयनित लाभुकों के बीच दुधारू गायों का वितरण किया गया।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को पशुपालन से जोड़कर उनकी आजीविका के साधनों को मजबूत करना, दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। दुधारू गाय मिलने से लाभुकों को दूध उत्पादन के जरिए नियमित आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा।
वितरण कार्यक्रम के दौरान संबंधित पदाधिकारियों ने लाभुकों को पशुओं के उचित रखरखाव, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता और नियमित टीकाकरण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही पशुओं के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करने की सलाह दी गई।
पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है।