झारखंड में आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा हो सकती है प्रभावित, बकाया वेतन भुगतान और वेतन कटौती की जांच समेत कई मांगों को लेकर कर्मचारी करेंगे आंदोलन
रांची, 17 नवंबर: झारखंड में 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर 18 नवंबर 2026 से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ ने ऐलान किया है कि 17 नवंबर तक मांगों का समाधान नहीं होने पर 18 नवंबर की रात आठ बजे से हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। इस दौरान राज्यभर के एम्बुलेंस कर्मचारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी के अनुसार, 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों को अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का वेतन नहीं मिला है। इसके अलावा फरवरी 2025 से कथित तौर पर की जा रही मनमानी वेतन कटौती का मामला भी लंबित है। कर्मचारियों ने बकाया वेतन का तत्काल भुगतान करने, अब तक की गई वेतन कटौती की जांच कराने और काटी गई राशि वापस करने की मांग की है।
कर्मचारी संघ ने एम्बुलेंस सेवा का संचालन कर रही कंपनी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। संघ का आरोप है कि लंबे समय से खराब पड़ी एम्बुलेंस को कागजों में चालू दिखाकर सरकारी भुगतान लिया जा रहा है। दूसरी ओर, एम्बुलेंस खराब रहने या मरीजों का कॉल नहीं आने की स्थिति में कर्मचारियों के वेतन में कटौती की जाती है। कर्मचारियों से निजी पैसे खर्च कर एम्बुलेंस की मरम्मत कराने और फर्जी केस आईडी बनाने का दबाव डालने की शिकायत भी की गई है। इन आरोपों की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा, समय पर वेतन भुगतान, एस्क्रो अकाउंट के माध्यम से पारदर्शी भुगतान, न्यूनतम मजदूरी, ईपीएफ, ईएसआईसी, अवकाश, जीवन बीमा और बोनस जैसी सुविधाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई थी। सरकार के आश्वासन के बाद संघ ने छठ पूजा तक अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था। हालांकि, संघ का कहना है कि निर्धारित समय में मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए 18 नवंबर को धुर्वा स्थित भारतीय मजदूर संघ कार्यालय में राज्य के सभी जिलों के जिला अध्यक्षों और सचिवों की बैठक बुलाई गई है। संघ ने राज्यभर के 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
इधर, 108 एम्बुलेंस सेवा सड़क दुर्घटनाओं, गंभीर मरीजों और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को अस्पताल पहुंचाने की महत्वपूर्ण सेवा है। ऐसे में यदि हड़ताल शुरू होती है तो राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है। अब सभी की निगाहें सरकार और स्वास्थ्य विभाग की पहल पर टिकी हैं।