छत्तरमांडू में धरती आबा बिरसा मुंडा को नमन, शहीदों के सपनों का झारखंड बनाने का लिया संकल्प

Spread the News

रामगढ़, 15 नवंबर: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को छत्तरमांडू स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत सहित जिला प्रशासन के वरीय एवं अन्य अधिकारियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्पण कर धरती आबा को नमन किया।

इस मौके पर उपायुक्त ऋतुराज ने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष करने तथा अपने अधिकारों, संस्कृति और अस्मिता की रक्षा के लिए प्रेरित करता है। उनके विचार और संघर्ष आज भी समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उपायुक्त ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित झारखंड के वीर शहीदों और आंदोलनकारियों ने जिस विकसित, समृद्ध और खुशहाल झारखंड का सपना देखा था, उसे साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करना होगा। राज्य के विकास, सामाजिक सद्भाव, समृद्धि और जनकल्याण में सक्रिय भागीदारी निभाना ही वीर सपूतों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा रामगढ़ जिले एवं झारखंड के सर्वांगीण विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।