समय-सीमा के भीतर शिकायतों का निष्पादन करने का अधिकारियों को दिया निर्देश
रामगढ़, 24 अक्टूबर: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने आमजनों से बारी-बारी मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना।
जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन, रोजगार, जाति प्रमाण पत्र, अबुआ आवास योजना, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, दखल-दिहानी, मुआवजा और नाली निर्माण सहित विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की निष्पक्षता और गंभीरता से जांच करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही, शिकायतों के निष्पादन में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता दरबार के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।