हिट एंड रन पीड़ित को मिले दो लाख रुपये, कन्यादान योजना के दो लाभुकों के खाते में भेजे गए 30-30 हजार रुपये
रामगढ़, 18 अक्टूबर: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जनता दरबार में प्राप्त जनशिकायतों पर रामगढ़ जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार मामलों का 24 घंटे से भी कम समय में निष्पादन किया। गोला प्रखंड के नेमरा गांव में आयोजित जनता दरबार में लोगों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखी थीं। इन शिकायतों पर प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित लाभुकों को राहत पहुंचाई।
जिला प्रशासन के अनुसार, निष्पादित मामलों में झारखंड आंदोलनकारी को पहचान एवं मान्यता प्रदान करने, हिट एंड रन दुर्घटना में मुआवजा भुगतान तथा कन्यादान योजना की लंबित राशि का भुगतान शामिल है। त्वरित कार्रवाई से आम लोगों को राहत मिली है।
मांडू प्रखंड के केदला बस्ती निवासी स्वर्गीय जगदीश महतो के पुत्र ईश्वर महतो ने अपने पिता को झारखंड आंदोलनकारी के रूप में पहचान एवं मान्यता दिलाने के संबंध में आवेदन दिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए उपायुक्त ऋतुराज ने ईश्वर महतो को झारखंड आंदोलनकारी का प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
बरलंगा थाना क्षेत्र के उपरबरगा गांव निवासी कृष्ण कुमार, पिता मुकुन्द घटवार, ने हिट एंड रन मामले में मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की थी। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लाख रुपये की मुआवजा राशि उनके बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी।
रजरप्पा प्रोजेक्ट थाना क्षेत्र के दुलमी प्रखंड अंतर्गत हरदब कंडेर गांव निवासी प्रदीप कुमार महतो ने कन्यादान योजना की राशि का भुगतान नहीं होने की शिकायत की थी। इस पर कार्रवाई करते हुए 16 अक्टूबर 2026 को उनके बैंक खाते में 30 हजार रुपये भेजे गए।
इसी प्रकार, रजरप्पा प्रोजेक्ट थाना क्षेत्र के जामसिंह गांव निवासी ईसराफिल की शिकायत पर भी त्वरित कार्रवाई की गई। कन्यादान योजना के तहत उनके बैंक खाते में भी 30 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की गई।
जिला प्रशासन ने कहा कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान उसकी प्राथमिकता है। जनशिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा शिकायतों के निष्पादन की लगातार निगरानी की जा रही है।