जामताड़ा, 28 सितंबर: करमाटांड़ की दो प्रतिभाशाली महिला क्रिकेटरों पूर्णिमा कुमारी और लक्ष्मी कुमारी ने क्रिकेट के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दोनों खिलाड़ियों का चयन बीसीसीआई महिला अंडर-19 टी-20 स्टेट चैंपियनशिप 2026-27 के लिए हुआ है। दोनों देवघर जिला क्रिकेट संघ की ओर से प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व करेंगी।
पूर्णिमा दाएं हाथ की बल्लेबाज हैं, जबकि लक्ष्मी दाएं हाथ की ऑफ स्पिन गेंदबाज हैं। दोनों ने सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बीच लगातार अभ्यास करते हुए यह मुकाम हासिल किया है। पूर्णिमा के पिता हरिनारायण मंडल मुर्गा बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि लक्ष्मी के पिता तुलसी मंडल होटल में खाना बनाने का काम करते हैं।
दोनों खिलाड़ियों को अपने गृह जिले जामताड़ा से पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाने के बाद देवघर जिला क्रिकेट संघ से खेलने का मौका मिला। देवघर की टीम से लगातार प्रदर्शन के बाद दोनों ने अपनी जगह मजबूत की और अब राज्य स्तरीय बीसीसीआई प्रतियोगिता तक पहुंची हैं।
स्थानीय कोच निवास मंडल ने भी दोनों खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि करमाटांड़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, खेल मैदान और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की है।
बीसीसीआई के 2026-27 घरेलू कार्यक्रम में महिला अंडर-19 टी-20 प्रतियोगिता 9 से 26 अक्टूबर के बीच निर्धारित है।
पूर्णिमा और लक्ष्मी के चयन से करमाटांड़ सहित पूरे जामताड़ा जिले में खुशी का माहौल है। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा बनी है।