रामगढ़,28 सितंबर: सड़क किनारे, विशेषकर नो-पार्किंग जोन में भारी एवं मालवाहक वाहनों की पार्किंग के खिलाफ जिला परिवहन विभाग ने शनिवार को औचक जांच अभियान चलाया। उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने एनएच-33 के चुट्टूपालू घाटी, पटेल चौक, कुज्जू सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान सड़क किनारे और नो-पार्किंग जोन में खड़े भारी एवं मालवाहक वाहनों की विशेष जांच की गई। टीम ने वाहनों के पंजीकरण प्रमाण-पत्र, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और चालक अनुज्ञप्ति समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन करने का निर्देश भी दिया गया।
जांच के दौरान कुल 29 वाहनों की जांच की गई। इनमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 2 लाख 42 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने वाहन चालकों और मालिकों से अपील की कि रात के समय मुख्य सड़क या नो-पार्किंग जोन में भारी और मालवाहक वाहन खड़े नहीं करें। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है।
उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की। जिला प्रशासन के अनुसार सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर आगे भी नियमित जांच अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।