JSSC-CGL परीक्षा विवाद में एक और गिरफ्तारी, पलामू निवासी कुंदन कुमार दबोचा गया

Spread the News

रांची, 07 सितंबर: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा में कथित अनियमितता और पेपर लीक मामले की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग की विशेष जांच टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। टीम ने पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 5 सितंबर को की गई।

जांच एजेंसी के अनुसार, कुंदन कुमार पर आरोप है कि उसने परीक्षा में सफलता हासिल करने के लिए पेपर लीक गिरोह को पैसे दिए थे। वह बाद में परीक्षा में सफल भी हुआ और सरकारी पद पर नियुक्त हुआ। जांच में उसकी भूमिका और अन्य अभ्यर्थियों से संभावित संपर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

बताया गया है कि कुंदन कुमार वर्तमान में गुमला जिले के सिसई प्रखंड में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के पद पर कार्यरत था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

JSSC-CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच पिछले कई सप्ताह से तेज है। CID की SIT परीक्षा से जुड़े अभ्यर्थियों, परीक्षा संचालन एजेंसी और कथित पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इससे पहले भी कई सफल अभ्यर्थियों समेत परीक्षा संचालन से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

जांच एजेंसी अब कुंदन कुमार से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि कथित पेपर लीक नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े थे तथा परीक्षा में सफलता दिलाने के लिए पैसों के लेन-देन में किन लोगों की भूमिका रही। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।