शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला : बी.एन. साह
रामगढ़, 5 सितंबर। राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में शनिवार को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस सह-सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह एवं सचिव प्रियंका कुमारी ने विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के संस्थापक स्व. गोविंद साह, स्व. राधा देवी एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, संगीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह को आकर्षक बना दिया।
कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल ने स्वागत भाषण में डॉ. राधाकृष्णन के जीवन एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन और जीवन में सही दिशा प्रदान करते हैं।
कुलाधिपति बी.एन. साह ने कहा कि “शिक्षक केवल ज्ञान नहीं देते, वे विद्यार्थियों के सपनों को दिशा देकर राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करते हैं।” उन्होंने शिक्षकों को समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का जीवन सभी शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान केवल किसी व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि ज्ञान, शिक्षा और संस्कार का सम्मान है। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्गदर्शन करना भी है। उन्होंने शिक्षकों के स्नेह, मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी नेतृत्व को विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रंजना पांडेय एवं डॉ. पूनम कुमारी ने किया। मौके पर कुलाधिपति की धर्मपत्नी फूलमती देवी, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार एवं उनकी पत्नी रानी कुमारी, गौरव कुमार, मीडिया प्रभारी डॉ. संजय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। समारोह सम्मान, उत्साह और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।