देशभर में जन्माष्टमी की धूम, इस्कॉन मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

Spread the News

नई दिल्ली, 4 सितंबर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर शुक्रवार को देशभर में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। मथुरा-वृंदावन से लेकर दिल्ली, मुंबई, नोएडा, जयपुर और कोलकाता तक कृष्ण मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। मंदिरों को फूलों, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया गया है।

राजधानी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश और द्वारका सेक्टर-13 स्थित इस्कॉन मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंगला आरती और विशेष पूजा में शामिल हुए। भक्तों ने भजन-कीर्तन और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच जन्माष्टमी का उत्सव मनाया।

नोएडा के इस्कॉन मंदिर में भी भारी भीड़ उमड़ी। यहां तड़के करीब 3:30 बजे से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। मंदिर में लंबी कतारें लगी रहीं और भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। भगवान श्रीकृष्ण को 500 से अधिक व्यंजनों का भोग लगाने की भी तैयारी की गई।

उधर, मथुरा और वृंदावन में जन्माष्टमी का विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और बांके बिहारी मंदिर समेत प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। शहर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है और सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

मुंबई, जयपुर और देश के अन्य प्रमुख शहरों के कृष्ण मंदिरों में भी मंगला आरती, विशेष पूजा, अभिषेक, कीर्तन और प्रसाद वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कई स्थानों पर मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष आरती और पूजा होगी।

भारी भीड़ को देखते हुए कई शहरों में प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किए हैं। नोएडा में इस्कॉन मंदिर के आसपास वाहनों के आवागमन के लिए विशेष डायवर्जन लागू किया गया है, जबकि दिल्ली में भी प्रमुख मंदिरों और शोभायात्राओं वाले मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना जताई गई है।

जन्माष्टमी के अवसर पर देशभर में “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारे गूंज रहे हैं। श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर रहे हैं और मध्यरात्रि में उनके जन्म का उत्सव मनाने की तैयारियों में जुटे हैं।