बंगाल की खाड़ी में दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में लो प्रेशर एरिया बीते तीन दिन से बना हुआ था। अब यह चक्रवात में तब्दील हो गया है। यह श्रीलंका से होते हुए तमिलनाडु कीओर बढ़ रहा है। इसका असर झारखंड पर भी दिखेगा। इस सिस्टम की वजह से झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं।
एक से तीन दिसंबर के बीच दिन मेंबादल छाने के साथ हल्की बूंदा-बांदी होने की संभावना है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। पारा 10 डिग्री से नीचे जा सकता है। इससे कनकनी बढ़ेगी।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले दो से तीन दिन में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी होगी। इस सिस्टम की वजह से अगले तीन दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। तीन दिन बाद बादल गहराएगा। इस वजह से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। वहीं अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक गिरावट दिखेगी।
3 दिसंबर के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आनी शुरू होगी। इसके बाद ठंड बढ़ेगी। मालूम हो कि अभी भी रांची का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से अधिक है, लेकिन ठिठुरन बढ़ गई है। दिन में धूप खिली होने की वजह से कुछ राहत मिल रही है, लेकिन शाम ढलते ही कंपकंपी बढ़ जाती है।