गिद्दी/रामगढ़, 23 अगस्त: गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार की अहले सुबह पुलिस और कथित अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें गिरफ्तार कर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं, एक अन्य अपराधी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना शनिवार सुबह करीब 3:50 बजे गिद्दी ए परियोजना के पुराने कांटा घर के पास की बतायी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध अपराधी मोटरसाइकिल से गिद्दी कोलियरी एवं ट्रांसपोर्ट रोड क्षेत्र में किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में सघन वाहन जांच और घेराबंदी शुरू की।
इसी दौरान भुरकुंडा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। पीछा किए जाने के दौरान उनकी मोटरसाइकिल गिर गयी और तीनों जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस के मुताबिक, जंगल से अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो अपराधियों के पैर में गोली लगी।
घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। दोनों रामगढ़ जिले के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेजा है। वहीं, तीसरा अपराधी जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल, कारतूस, चार खोखे, मोबाइल फोन, आपत्तिजनक पर्चे और मोटरसाइकिल बरामद करने की बात कही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में दोनों गिरफ्तार आरोपियों के कथित तौर पर राहुल दुबे गिरोह से जुड़े होने की जानकारी सामने आयी है। मामले की जांच जारी है।