याचिका समिति ने रामगढ़ में विकास योजनाओं और लंबित मामलों की समीक्षा की

Spread the News

रामगढ़, 23 अगस्त: झारखंड विधानसभा की याचिका समिति ने शनिवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया। समिति के सदस्य उदय शंकर सिंह, ममता देवी, नागेंद्र महतो और निर्मल महतो ने परिसदन सभागार में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों की याचिकाओं, विकास योजनाओं और जनसरोकार से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में झारखंड विधानसभा, रांची से प्राप्त याचिकाओं पर संबंधित विभागों की ओर से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई। समिति के सदस्यों ने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन करने तथा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया।

समिति ने राजस्व, पथ, राष्ट्रीय राजमार्ग, वन, ग्रामीण कार्य, नगर परिषद, वाणिज्य कर, भवन निर्माण, विद्युत, पेयजल एवं स्वच्छता, शिक्षा, कल्याण, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, खनन, भूमि सुधार, भू-अर्जन, पर्यटन, खेलकूद, आपूर्ति, कृषि, पशुपालन और सहकारिता समेत विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की।

इस दौरान विकास योजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के साथ पारदर्शिता एवं जवाबदेही पर भी जोर दिया गया। समिति ने अधिकारियों से कहा कि सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

समिति के सदस्यों ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान, विकास कार्यों की गुणवत्ता और कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला प्रशासन की ओर से जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी भी दी गई।