रामगढ़, 20 अगस्त: जिले में विभिन्न महत्वपूर्ण विकास एवं जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की कवायद तेज हो गई है। बुधवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने गोला और चितरपुर प्रखंडों में विभिन्न परियोजनाओं के लिए चिह्नित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थल की उपयुक्तता, भूमि का सीमांकन, पहुंच पथ, आधारभूत सुविधाओं और परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी प्रक्रियाएं समयसीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने गोला प्रखंड के चाड़ी पंचायत अंतर्गत घासी केनके क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए चिह्नित भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थल की भौगोलिक स्थिति, उपलब्ध भूमि और परियोजना के लिए आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उपायुक्त ने मेडिकल कॉलेज की जमीन तक सुगम पहुंच के लिए पहुंच पथ समेत अन्य आधारभूत सुविधाओं को विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके बाद उपायुक्त ने चितरपुर प्रखंड के भुचुंगडीह पंचायत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के निर्माण के लिए चिह्नित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि की स्थिति और उपलब्ध क्षेत्रफल की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नियमानुसार भूमि का डीमार्केशन जल्द पूरा करने तथा निर्माण से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने चितरपुर-रजरप्पा मुख्य मार्ग पर वे-साइड एमेनिटीज के लिए प्रस्तावित स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क से कनेक्टिविटी, स्थल की उपयोगिता और आम लोगों की सुविधा से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली। अधिकारियों को परियोजना से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने को कहा गया।
चितरपुर स्थित नवनिर्मित आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करने के दौरान उपायुक्त को पेयजल की समस्या की जानकारी मिली। उन्होंने स्थल का जायजा लेते हुए अधिकारियों को विद्यालय में नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पेयजल सहित विद्यालय संचालन के लिए जरूरी सभी मूलभूत सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं, ताकि विद्यालय का संचालन शुरू हो सके और विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में जनहित और विकास से जुड़ी परियोजनाओं के लिए चिह्नित स्थलों की सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और स्थल से संबंधित समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।