हर घर-हर घाट तिरंगा अभियान के तहत रामगढ़ में विविध कार्यक्रम आयोजित

Spread the News

रामगढ़, 16 अगस्त: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को नमामि गंगे योजना के अंतर्गत ‘हर घर-हर घाट तिरंगा’ अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्थानों और विद्यालयों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता के साथ-साथ जलस्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा झंडोत्तोलन, प्रभात फेरी, राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान तथा जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों एवं लोगों ने देशभक्ति के संदेश के साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया। विद्यालयों में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अभियान के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ-साथ नदियों, तालाबों और अन्य जलस्रोतों को स्वच्छ रखने एवं उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों ने कहा कि राष्ट्र के प्रति सम्मान के साथ पर्यावरण और जलस्रोतों की सुरक्षा भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इस अभियान ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का कार्य किया।