रामगढ़ में देशभक्ति के उल्लास के बीच मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने फहराया तिरंगा

Spread the News

रामगढ़, 16 अगस्त: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को रामगढ़ के सिदो-कान्हू मैदान में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इससे पहले उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। पुलिस जवानों, गृह रक्षकों और स्कूली बच्चों ने अनुशासित परेड प्रस्तुत कर राष्ट्रीय भावना का प्रदर्शन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि 15 अगस्त भारतीय इतिहास का स्वर्णिम दिवस है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण देश को आजादी मिली। उन्होंने अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आजादी की विरासत को सम्मान, एकता और जिम्मेदारी के साथ आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी का दायित्व है। उन्होंने रामगढ़ में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मनरेगा के बेहतर क्रियान्वयन के लिए रामगढ़ को राज्य स्तर पर प्रथम स्थान मिला। जिले में निर्धारित लक्ष्य से अधिक 26.73 लाख मानव दिवस का सृजन हुआ, जिसमें महिलाओं की भागीदारी 54 प्रतिशत रही। बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन के तहत 2,381 कूपों का निर्माण तथा बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत 1,062 एकड़ में आम बागवानी की योजनाएं संचालित की गईं। उत्पादित आम की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लंदन और दुबई तक आपूर्ति की गई।

ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी गई। जिले के 606 सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत 72,087 बच्चों को नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, मंईयां सम्मान योजना के तहत 1,27,970 लाभुकों को 2,500 रुपये की दर से भुगतान किए जाने की जानकारी दी गई।

समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, झारखंड आंदोलनकारियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों, कर्मियों, शिक्षकों, चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य विशिष्ट लोगों को सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता सेनानी कृष्णा राम की आश्रिता को शॉल देकर सम्मानित किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने बैंड प्रस्तुति दी, जबकि राधा गोविंद पब्लिक स्कूल की छात्राओं को राष्ट्रीय गान प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में रामगढ़ विधायक, उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अनुमंडल पदाधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया गया।