रामगढ़, 11 अगस्त: श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, रामगढ़ की ओर से सोमवार को छावनी परिषद फुटबॉल मैदान में दंतोपंत ठेंगड़ी रोजगार योजना के तहत रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया गया। मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों ने भाग लिया और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। चयन प्रक्रिया के बाद 131 युवक-युवतियों का चयन किया गया, जबकि 241 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
रोजगार मेले का उद्घाटन रामगढ़ नगर परिषद के उपाध्यक्ष रंधीर कुमार गुप्ता, रामगढ़ विधायक प्रतिनिधि संजय साव और जिला नियोजन पदाधिकारी धनंजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर जिला नियोजन पदाधिकारी ने कहा कि मेले का उद्देश्य जिले एवं राज्य के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
मेले में स्थानीय प्रतिष्ठानों वी-मार्ट, ग्लोब ऑटोमोबाइल्स, पैरालैक्स होंडा, सिटी स्टाइल, प्रेमसंस बजाज एलएलपी और श्री गुरु नानक सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल समेत अन्य संस्थानों ने भाग लिया। वहीं, चेन्नई की एनटीटीएफ और तमिलनाडु की एथर एनर्जी लिमिटेड सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए नियोजकों ने भी युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।
नगर परिषद उपाध्यक्ष रंधीर कुमार गुप्ता ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अभ्यर्थियों को अपनी योग्यता, कौशल और रुचि के अनुरूप रोजगार का चयन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए आयोजित ऐसे आयोजनों का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।
मेले में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों को रिक्त पदों, आवश्यक योग्यता और रोजगार की शर्तों की जानकारी दी। जिला नियोजनालय ने बताया कि स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक रिक्तियां जुटाकर युवाओं को उनके क्षेत्र में ही रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा। अधिकारियों ने युवाओं से भविष्य में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों में भी सक्रिय भागीदारी की अपील की।