रामगढ़, 10 अगस्त। राधा गोविंद पब्लिक स्कूल के प्रांगण में सोमवार को छात्र परिषद (स्टूडेंट्स काउंसिल) का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुजीत कुमार मोहंती ने विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय गोविंद साह एवं स्वर्गीय राधा देवी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर की। इसके बाद नव निर्वाचित हेड बॉय, हेड गर्ल, सदन कप्तान, खेलकूद प्रभारी, सांस्कृतिक प्रभारी सहित विभिन्न कार्य प्रभारियों को मंच पर आमंत्रित किया गया।
प्राचार्य डॉ. सुजीत कुमार मोहंती ने सभी नवनिर्वाचित छात्र-छात्राओं को पद एवं कर्तव्य की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने विद्यालय के नियमों एवं अनुशासन का पालन करने, अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने तथा विद्यालय की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस दौरान तिलक राज को हेड बॉय और श्रेया वर्मा को हेड गर्ल चुना गया। वहीं आलोक कुमार सिंह को बिरसा सदन, फरहान को आजाद सदन, राजश्री ओझा को सुभाष सदन तथा सृष्टि कुमारी को भगत सदन का कप्तान बनाया गया। इसके अलावा विभिन्न गतिविधियों के लिए अन्य विद्यार्थियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सुभाष सदन को पुरस्कृत किया गया। मौके पर प्राचार्य ने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने और दूसरों के लिए उदाहरण बनने का अवसर है। उन्होंने नवनिर्वाचित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के चेयरमैन बी.एन. साह और सचिव प्रियंका कुमारी ने भी छात्र परिषद के सदस्यों को शुभकामनाएं दीं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की। मंच संचालन शांता रानी बाखला ने किया। मौके पर विद्यालय प्रबंधक के.एन. सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।