रामगढ़, 22 जुलाई: रामगढ़ व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक के आधिकारिक ई-मेल पर बंगाली भाषा में एक धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें रामगढ़ व्यवहार न्यायालय को विस्फोट से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। एहतियात के तौर पर व्यवहार न्यायालय परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई और न्यायालय परिसर में बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड तथा पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान न्यायालय परिसर के सभी भवनों, कक्षों, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई।
काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और आने-जाने वालों की कड़ी निगरानी की जा रही है।
पुलिस ने धमकी भरे ई-मेल की जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ई-मेल भेजने वाले की पहचान, उसके आईपी एड्रेस और संदेश के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद न्यायालय परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।