नवप्रवेशी विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत, सत्र 2024–26 के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई
रामगढ़: 17 जुलाई: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग में बुधवार को बी.ए. भूगोल सत्र 2026–30 एवं एम.ए. भूगोल सत्र 2026–28 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत (फ्रेशर्स) तथा एम.ए. भूगोल सत्र 2024–26 के विद्यार्थियों के विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत, नृत्य एवं मनोरंजक गतिविधियों से पूरा परिसर उत्सवमय रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवप्रवेशी छात्रों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और उन्हें अनुशासन, परिश्रम तथा निरंतर अध्ययन के महत्व से अवगत कराया। वहीं विदाई ले रहे विद्यार्थियों ने विभाग में बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के आधार पर मिस्टर फ्रेशर, मिस फ्रेशर, मिस्टर फेयरवेल एवं मिस फेयरवेल का चयन कर उन्हें ट्रॉफी एवं सम्मान-पत्र प्रदान किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विजेताओं का उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता का विकास और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाना भी है।
विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने नवप्रवेशी एवं विदाई ले रहे सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने कहा कि नवप्रवेशी विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय परिवार में हार्दिक स्वागत है, जबकि विदाई ले रहे विद्यार्थियों के लिए यह जीवन की नई संभावनाओं और अवसरों की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवनभर ज्ञानार्जन और उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने का आह्वान किया।
कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल ने कहा कि अनुशासन, समय प्रबंधन और ईमानदारी सफलता के मूल मंत्र हैं। विश्वविद्यालय से प्राप्त शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, जिसका सदुपयोग कर विद्यार्थी अपने लक्ष्य अवश्य प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, भूगोल विभाग के व्याख्याता बुद्धदेव महतो, डॉ. दिलकेश्वर महतो एवं अक्षय सोनी सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन, स्मृति-चिह्न वितरण, सामूहिक छायांकन तथा सौहार्दपूर्ण मिलन के साथ हुआ।