पतरातू डैम में म्यूजिकल फाउंटेन व फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का उद्घाटन, पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

Spread the News

रामगढ़, 17 जुलाई: पतरातू डैम परिसर में गुरुवार को पर्यटन के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि जुड़ गई। झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने नवनिर्मित म्यूजिकल फाउंटेन एवं फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, रामगढ़ विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज, वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतिश कुमार, जेटीडीसी के प्रबंध निदेशक, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला राज्य है। सरकार राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों का विकास कर उन्हें आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पतरातू डैम पहले से ही राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और यहां म्यूजिकल फाउंटेन एवं फ्लोटिंग रेस्टोरेंट शुरू होने से इसकी लोकप्रियता और बढ़ेगी।

उन्होंने बताया कि म्यूजिकल फाउंटेन में संगीत, रोशनी और पानी का अद्भुत संगम पर्यटकों को आकर्षित करेगा, जबकि फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में पर्यटक जलाशय के बीच प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेते हुए भोजन कर सकेंगे। इससे पतरातू आने वाले पर्यटकों को मनोरंजन का नया अनुभव मिलेगा।

मंत्री ने कहा कि पर्यटन के विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं। उन्होंने अधिकारियों को परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और पर्यटकों की सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

म्यूजिकल फाउंटेन और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के शुभारंभ के साथ पतरातू डैम में पर्यटन गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि इन नई सुविधाओं से पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और रामगढ़ जिले को पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी।