जमशेदपुर, 17 जुलाई: झारखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय रेलवे जल्द ही राज्य को दो नई स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात दे सकता है। प्रस्ताव के अनुसार पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन शालीमार (कोलकाता) से मुंबई के बीच चलेगी, जो टाटानगर और चक्रधरपुर स्टेशन होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेगी। वहीं दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन टाटानगर से वाराणसी के बीच चलाने की योजना है।
दक्षिण पूर्व रेलवे ने 11 जून को कोलकाता स्थित गार्डनरीच मुख्यालय से रेलवे बोर्ड को दोनों ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव भेज दिया है। रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद इन ट्रेनों के परिचालन की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
यदि प्रस्ताव को स्वीकृति मिलती है तो टाटानगर स्टेशन को पांचवीं वंदे भारत ट्रेन मिलने की संभावना है। इससे झारखंड के अलावा ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र के यात्रियों को लंबी दूरी की तेज, आरामदायक और आधुनिक यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। स्लीपर वंदे भारत ट्रेन रात के सफर को अधिक सुविधाजनक बनाएगी और यात्रा समय में भी कमी आएगी।
वर्तमान में टाटानगर से पटना और बरहमपुर के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन हो रहा है। इसके अलावा रांची-हावड़ा तथा राउरकेला-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन टाटानगर रेल मंडल से होकर गुजरती हैं। नई स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों के शुरू होने से झारखंड की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है।