सिरका चेक पोस्ट पर ताबड़तोड़ फायरिंग, धमकी देकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश

Spread the News

रामगढ़, 28 जून: जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरका स्थित सीसीएल (CCL) चेक पोस्ट पर शनिवार तड़के अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधी सुबह करीब पांच बजे सिरका परियोजना के बूम बैरियर (चेक पोस्ट) पर पहुंचे और वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाकर दो राउंड फायरिंग की। वारदात के दौरान दोनों सुरक्षाकर्मी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग के बाद अपराधियों ने जाते-जाते धमकी भरे लहजे में कहा, “मालिक से बोलना मैनेज करके चलेगा” और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। गोली बूम बैरियर के लोहे के गेट को भेदते हुए निकल गई, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ डीएसपी, गिद्दी थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

सिरका परियोजना के सुरक्षा प्रभारी की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में रंगदारी या आपराधिक दबाव बनाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।