झारखंड में सुबह-शाम ठंड बढ़ने लगी है। दिन चढ़ने के साथ मौसम सामान्य हो जा रहा है। फिर भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास ही रह रहा है। वहीं, न्यूनतम तापमान तेजी से गिर रहा है। मौसम विभाग के आंकड़े बता रहे हैं कि बीते 8 दिनों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है।
मौसम विभाग ने 19 नवंबर से ठंड बढ़ने की संभावना जताई है। मंगलवार से न्यूनतम और अधिकतम तापमान एक-एक डिग्री सेल्सियस और गिर सकता है। मौसम केंद्र के अनुसार सोमवार और मंगलवार को सुबह में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा या धुंध दिख सकता है। लेकिन, इसके बाद आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। 20 नवंबर से सुबह में कोहरा या धुंध दिखने के बाद आसमान मुख्यतः साफ और मौसम शुष्क रहेगा।
10 नवंबर को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस से अधिक था, वह 17 नवंबर को 13 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम केंद्र ने पूर्वानुमान किया है कि अभी इसी तरह का मौसम रहेगा। पूरे झारखंड सहित राजधानी का तापमान एक दो डिग्री सेल्सियस गिर सकता है।
सुबह-शाम ठंड और दिन में धूप में गर्मी, इस मौसम का असर लोगों पर भी देने को मिल रहा है। इस तरह के मौसम ने लोगों को बीमार करना शुरू कर दिया है। मौसमी बीमारियों से लोग सबसे अधिक परेशान हो रहे हैं। रिम्स सहित दूसरे अस्पतालों में हर दिन से 50 से 150 मरीज पहुंच रहे हैं।
सबसे अधिक भीड़ अस्पतालों के मेडिसीन डिपार्टमेंट में दिख रही है। रिम्स और सदर के आंकड़े बता रहे हैं कि ओपीडी में पिछले पांच दिनों के भीतर समान्य मरीज 95 से 97 पहुंच रहे हैं। ऐसे मौसम ने छोटे बच्चों पर भी प्रभाव डाला है। इस वजह से 59 छोटे बच्चे अस्पताल पहुंच रहे हैं।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार 20 नवंबर को दूसरे चरण के मतदान के दिन संथाल परगना तथा कोयलांचल के जिलों में भी मौसम खुला रहेगा। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहेगा। रविवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा का रहा। वहां का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि सबसे कम तापमान गढ़वा जिले का रहा। यहां 13 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।