खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, एकता और उत्कृष्टता की पहचान है-कुलाधिपति बी एन साह
रामगढ़, 15 जून: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में आयोजित 21वीं उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का सोमवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 13 से 15 जून तक आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, चतरा एवं कोडरमा जिलों के पुलिस खिलाड़ियों ने फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन वॉलीबॉल का फाइनल मुकाबला रामगढ़ और कोडरमा की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला, जिसमें कोडरमा की टीम ने 2-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह सिद्धो-कान्हू मैदान, रामगढ़ में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र, हजारीबाग के पुलिस उपमहानिरीक्षक (भा.पु.से.) अंजनी कुमार झा एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, एकता और उत्कृष्टता की पहचान है। उन्होंने कहा कि खेलकूद गतिविधियां शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ टीम भावना और आपसी समन्वय को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, खिलाड़ियों एवं सहयोगी कर्मियों को बधाई दी।
प्रतियोगिता में शामिल पुलिस खिलाड़ियों ने विश्वविद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेहतर व्यवस्था और सहयोग के कारण उन्हें घर जैसा वातावरण मिला तथा प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में पुलिस खिलाड़ी उपस्थित थे।
आयोजन को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष लेफ्टिनेंट डॉ. अमन वर्मा, धनेश्वर बीपी, राजू साव, प्रदीप कुमार रजक तथा आवास एवं जलपान व्यवस्था की देखरेख कर रहे संजीव कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।