रामगढ़, 11 जून: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने मंगलवार को रामगढ़ जिले का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सा आधारभूत संरचनाओं का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे की शुरुआत कांकेबार स्थित ट्रॉमा सेंटर के निरीक्षण से हुई। अपर मुख्य सचिव ने ट्रॉमा सेंटर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपकरणों और आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा की तथा मॉड्यूलर सिस्टम को अपग्रेड करने के निर्देश दिए। साथ ही भवन के प्रथम तल पर अतिरिक्त निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए तकनीकी परीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
इसके बाद उन्होंने सदर अस्पताल रामगढ़ का निरीक्षण किया। गायनेकोलॉजी, ईएनटी, नेत्र एवं डेंटल ओपीडी सहित विभिन्न विभागों का अवलोकन कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। अस्पताल की साफ-सफाई, चिकित्सकीय सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुविधा से जुड़े पहलुओं की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान ऑपरेशन थिएटर, स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू), डायलिसिस सेंटर, डॉक्टर एवं स्टाफ क्वार्टर का भी जायजा लिया गया। उन्होंने पुराने क्वार्टरों को हटाकर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त 10 मंजिला आवासीय भवन निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा की।
अपर मुख्य सचिव ने उपायुक्त ऋतुराज के साथ सदर अस्पताल परिसर में 250 अतिरिक्त बेड की क्षमता वाले जी+6 भवन निर्माण योजना की समीक्षा की। उन्होंने अभियंताओं को निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने तथा सभी तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त बेड क्षमता विकसित होने से जिले के मरीजों को बेहतर और विस्तारित स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
दौरे के क्रम में सिविल सर्जन कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।