रामगढ़, 9 जून: उपायुक्त ऋतुराज ने सोमवार को नगर परिषद रामगढ़ कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, राजस्व संग्रहण एवं नागरिक सुविधाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी, उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने नगर परिषद के सफाई वाहनों की व्यवस्थित टैगिंग, सभी वाहनों में जीपीएस की स्थापना तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 32 वार्डों के प्रभावी प्रबंधन के लिए 16-16 वार्डों पर एक-एक सिटी मैनेजर की जिम्मेदारी तय करने को कहा, ताकि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
बैठक में पेयजल व्यवस्था को लेकर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने सभी निर्माणाधीन जलमीनारों का कार्य 15 जुलाई तक पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट एवं नमामि गंगे योजना के तहत निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित एजेंसियों से स्पष्टीकरण मांगने को कहा।
उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, डार्क स्पॉट्स पर प्रकाश व्यवस्था, नशा मुक्ति अभियान के तहत विशेष जांच अभियान तथा सफाई कर्मियों के वेतन का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत आगामी तीन से चार माह में 80 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा पीएम स्वनिधि योजना से सभी स्ट्रीट वेंडरों को जोड़ने का निर्देश दिया गया। बैठक के बाद उपायुक्त ने नगर परिषद कार्यालय का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।